#प्रदेश

सास बनी दुल्हन, दामाद बना दूल्हा! कानपुर देहात में कोर्ट मैरिज के वीडियो ने मचाई सनसनी

Advertisement Carousel

० सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद चर्चा तेज, पुलिस बोली- मामले की जांच जारी

कानपुर । उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात से रिश्तों को लेकर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। अकबरपुर क्षेत्र में एक महिला और उसके दामाद द्वारा कथित तौर पर कोर्ट मैरिज किए जाने का दावा किया जा रहा है। दोनों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।

वायरल वीडियो में महिला और युवक गले में फूलों की माला पहने दिखाई दे रहे हैं। दोनों कथित तौर पर शादी का प्रमाण पत्र दिखाते हुए लोगों से अपने रिश्ते को स्वीकार करने और आशीर्वाद देने की अपील कर रहे हैं। वीडियो पर लिखा गया है— “सास से दामाद ने की शादी, कोर्ट मैरिज कर लिए, आशीर्वाद दे दो।”

वीडियो ने बढ़ाई हलचल, पुष्टि नहीं

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि कथित कोर्ट मैरिज कब और कहां हुई।

पुलिस जांच में जुटी

अकबरपुर थाना पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है और न ही पुलिस के पास किसी कानूनी विवाद की जानकारी पहुंची है।

स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना मामला

स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि महिला और युवक के बीच लंबे समय से करीबी संबंध थे। हालांकि, इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले के सामने आने के बाद परिवार और आसपास के लोग भी हैरान बताए जा रहे हैं।

सोशल मीडिया पर बंटी राय

इस कथित रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की राय भी बंटी हुई है। कुछ लोग इसे दोनों की व्यक्तिगत पसंद बता रहे हैं, जबकि कई लोग सामाजिक और नैतिक पहलुओं को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

फिलहाल इस पूरे मामले में कई तथ्य सामने आना बाकी हैं। पुलिस जांच के बाद ही वायरल वीडियो और कथित कोर्ट मैरिज की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।