छत्तीसगढ़ में 10 करोड़ का गांजा पकड़ा गया, ट्रक से 19 क्विंटल से ज्यादा मादक पदार्थ बरामद

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की गांजा खेप जब्त की है। बसंतपुर थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में ट्रक से करीब 1941 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने मौके से दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के सोनपुर से एक ट्रक में भारी मात्रा में गांजा भरकर उत्तरप्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और साइबर सेल की टीम सक्रिय हो गई और इलाके में नाकेबंदी कर दी गई।
शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक में रखी बोरियों से 1941.110 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान लोकेश शर्मा और आमिर अंसारी के रूप में बताई, जो उत्तरप्रदेश के निवासी हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में यह जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है। बरामद गांजा को जब्त कर लिया गया है और दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस खेप के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।





