मानसून से पहले कांग्रेस का सरकार पर हमला, कहा- नाले अतिक्रमण की चपेट में, जलभराव का खतरा बढ़ा

रायपुर। मानसून की दस्तक से पहले राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में जलभराव और जल निकासी की समस्या को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार और नगरीय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि बारिश का मौसम शुरू होने वाला है, लेकिन अब तक नालों और नालियों की समुचित सफाई नहीं हो सकी है, जिससे शहर में जलभराव की स्थिति बनने का खतरा बढ़ गया है।
सुरेंद्र वर्मा ने आरोप लगाया कि राजधानी के मोवा, सड्डू नाला, भनपुरी, प्रोफेसर कॉलोनी, राजातालाब, न्यू शांति नगर और गोरखा कॉलोनी समेत कई प्रमुख नाले अतिक्रमण की वजह से सिकुड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि बड़े बिल्डर नालों को पाटकर अपने उपयोग में ला रहे हैं और प्रशासन इस पर कार्रवाई करने के बजाय मूकदर्शक बना हुआ है।
10 मिनट की बारिश में डूब जाते हैं कई इलाके
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि रायपुर के कई निचले इलाकों, अंडरपास और मुख्य सड़कों पर थोड़ी सी बारिश भी बड़ी समस्या बन जाती है। कई स्थानों पर 10 से 30 मिनट की बारिश के बाद ही जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है, जिससे लोगों के घरों और सड़कों पर पानी भर जाता है।
प्रशासन की कार्यशैली पर उठाए सवाल
उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगहों पर नगर निगम द्वारा नालों की सफाई के दौरान निकाला गया मलबा वहीं छोड़ दिया गया है। बारिश होने पर यही मलबा दोबारा नालियों में भर जाएगा और जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होगी।





