#प्रदेश

फ्रूटी के पैकेट में दिखी फंगस जैसी वस्तु, बच्ची को अस्पताल ले जाना पड़ा,खाद्य विभाग ने जाँच के लिए लिया सैंपल

Advertisement Carousel

धमतरी।छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक पैक्ड पेय पदार्थ में फंगस जैसी संदिग्ध सामग्री मिलने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। मगरलोड क्षेत्र में एक बच्ची द्वारा पी जा रही फ्रूटी के पैकेट के अंदर संदिग्ध पदार्थ दिखाई देने पर परिजन घबरा गए और उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही खाद्य विभाग ने संबंधित दुकान से सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मगरलोड के करेलीबड़ी गांव में रहने वाली बच्ची ने पास के एक जनरल स्टोर से फ्रूटी खरीदी थी। घर पहुंचकर जब वह पेय पदार्थ पी रही थी, तभी परिजनों की नजर पैकेट के अंदर तैर रही संदिग्ध वस्तु पर पड़ी। इसे देखकर परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

खाद्य विभाग ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और संबंधित दुकान से फ्रूटी के सैंपल जब्त कर जांच के लिए भेज दिए। अधिकारियों ने संबंधित बैच और सप्लाई चेन की भी जांच शुरू कर दी है।

विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि संबंधित उत्पाद किस डीलर या थोक विक्रेता के माध्यम से दुकान तक पहुंचा और कहीं भंडारण या वितरण के दौरान कोई लापरवाही तो नहीं हुई।

उठे खाद्य सुरक्षा पर सवाल

घटना के बाद क्षेत्र में पैक्ड खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में बिक रहे उत्पादों की नियमित जांच होनी चाहिए ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ न हो।

जांच रिपोर्ट का इंतजार

खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया पेय पदार्थ में फंगस जैसी सामग्री दिखाई दे रही है। प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित विक्रेता और सप्लाई चेन से जुड़े लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल बच्ची की हालत सामान्य बताई जा रही है और डॉक्टर उसकी निगरानी कर रहे हैं।