छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, तापमान में गिरावट; अगले 5 दिन बारिश-आंधी के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से पहले मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। साथ ही दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बताई गई हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। बुधवार को रायपुर में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दुर्ग में सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
इन जिलों में हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार दुर्ग में सर्वाधिक 3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा जशपुरनगर में 2 सेंटीमीटर, एमसीबी जिले के केल्हारी, जशपुर के मनोरा और बलरामपुर के वाड्रफनगर में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
सक्रिय हैं कई मौसम प्रणालियां
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पंजाब से बिहार तक एक मौसमी द्रोणिका बनी हुई है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश से मध्य प्रदेश, विदर्भ और तेलंगाना होते हुए दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश तक एक अन्य द्रोणिका सक्रिय है। इसके अलावा पूर्वी विदर्भ और दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है, जिसका असर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है।
आज कैसा रहेगा मौसम
प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
अगले दो दिनों का पूर्वानुमान
आने वाले दो दिनों में भी मौसम का यही रुख बना रहेगा। कई स्थानों पर बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।राजधानी रायपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।





