नहाने गए थे दोनों मासूम, गहरे नाले में डूबने से गई जान; एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से हर आंख नम

कोंडागांव। जिले के फरसगांव विकासखंड के ग्राम कोटपाड में एक दर्दनाक हादसे में दो चचेरे मासूम भाइयों की नाले में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, 6 वर्षीय साजन पोयाम और 7 वर्षीय ऋषभ पोयाम बुधवार को गांव के पास स्थित नाले में नहाने गए थे। नहाने के दौरान दोनों बच्चे नाले के एक गहरे गड्ढे में चले गए और पानी में डूब गए। देर शाम तक जब दोनों घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई।
खोजबीन के दौरान नाले के किनारे बच्चों के कपड़े मिले, जिसके बाद ग्रामीणों ने नाले में तलाश अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद रात करीब 8 बजे दोनों बच्चों के शव पानी से बाहर निकाले गए। घटना की सूचना मिलते ही बड़ेडोगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मर्ग कायम कर गुरुवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिए गए।
बताया जा रहा है कि ऋषभ पोयाम अपने माता-पिता की इकलौती संतान था, जबकि साजन पोयाम की एक बड़ी बहन है और वह परिवार का इकलौता बेटा था। एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की असमय मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण और परिजन इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं।





