#प्रदेश

Big News : कांकेर में तेंदुए का आतंक, 6 दिन में 4 लोगों पर हमला; दहशत में ग्रामीण

Advertisement Carousel

 

० गट्टागुडुम और देवडोंगर गांव में लगातार हमलों से भय का माहौल, शाम ढलते ही घरों में कैद हो रहे लोग

कांकेर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बीते छह दिनों में तेंदुए ने चार ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया, जिसके बाद प्रभावित गांवों में दहशत का माहौल है। हालात ऐसे हैं कि शाम होते ही लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं और बच्चों को अकेले बाहर भेजने से भी कतरा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, सरोना वन परिक्षेत्र के गट्टागुडुम गांव में पिछले एक सप्ताह से तेंदुए की लगातार मौजूदगी देखी जा रही है। 16 जून को तेंदुए ने गांव में घुसकर एक कुत्ते का शिकार किया था। इसके बाद अलग-अलग घटनाओं में उसने धनेश कुंजाम, बुधन उइके और फूलबाई पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। वहीं 18 जून को नरहरपुर क्षेत्र के देवडोंगर गांव में भी एक ग्रामीण तेंदुए के हमले का शिकार हो गया। सभी घायलों का उपचार जारी है।

घटनाओं के बाद गट्टागुडुम समेत आसपास के गांवों में भय का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय गांव की गलियां सुनसान हो जाती हैं। लोग समूह में लाठी-डंडे लेकर निकल रहे हैं और बच्चों व महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

वन विभाग ने भी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी है। गांव के आसपास संवेदनशील स्थानों पर कैमरे लगाए गए हैं और वनकर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं। विभाग की ओर से ग्रामीणों को रात में अकेले बाहर न निकलने और सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

गौरतलब है कि दुधावा क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी और हमलों की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। वन विभाग पूर्व में दो तेंदुओं को पकड़ चुका है, लेकिन एक बार फिर बढ़ी गतिविधियों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की नजर वन विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी है।