#प्रदेश

CG Weather Update: मानसून से पहले बदला मौसम का मिजाज, अगले 48 घंटे बारिश-आंधी और वज्रपात का अलर्ट

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की आधिकारिक दस्तक से पहले मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर जारी है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। हालांकि मानसून के तय समय पर नहीं पहुंचने से किसानों की चिंता बढ़ गई है और खरीफ फसलों की बुवाई को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में कहीं न कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन, बारिश और वज्रपात की गतिविधियां दर्ज की गईं। विभाग ने आगामी दो दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज गर्जना और वज्रपात की संभावना जताई है।

पिछले 24 घंटे में ऐसा रहा मौसम

शुक्रवार को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इन इलाकों में हुई अच्छी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार करपावंड और सामरी में 5 सेंटीमीटर, बास्तानार में 4 सेंटीमीटर तथा बकावंड, अंबिकापुर और भनपुरी में 3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा नगरी, छुईखदान, मर्दापाल, लोहांडीगुड़ा, कुकरेल, दुर्ग, लाभांडीह, रायपुर शहर, पलारी और कोंडागांव सहित कई क्षेत्रों में 2 सेंटीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने बताया कारण

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पंजाब से हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार तक एक मौसमी द्रोणिका सक्रिय है। वहीं पूर्वी विदर्भ से तेलंगाना और आंध्र प्रदेश होते हुए तमिलनाडु तक एक अन्य द्रोणिका बनी हुई है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ी है और मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।

अगले दो दिनों का पूर्वानुमान

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। साथ ही कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने की चेतावनी भी जारी की गई है।

राजधानी रायपुर में शनिवार को आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। दिन के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और तेज अंधड़ चल सकता है। शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।