NEET-UG 2026: नागपुर के छात्र को मिला अबू धाबी का परीक्षा केंद्र, एडमिट कार्ड देख परिवार के उड़े होश

0 पुनर्परीक्षा से एक दिन पहले सामने आई चौंकाने वाली चूक, एनटीए से लगाई सुधार की गुहार
नई दिल्ली/नागपुर। नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा से ठीक एक दिन पहले एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। महाराष्ट्र के नागपुर निवासी एक छात्र को उसके नए एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र भारत की बजाय संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबू धाबी में आवंटित कर दिया गया। परीक्षा 21 जून को होनी है और इतनी कम अवधि में विदेश जाकर परीक्षा देना छात्र और उसके परिवार के लिए लगभग असंभव है।
नागपुर की जगह मिला अबू धाबी का सेंटर
जानकारी के अनुसार छात्र को पहले नीट परीक्षा के लिए नागपुर के सरस्वती विद्यालय में परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया था। लेकिन पुनर्परीक्षा के लिए जारी नए एडमिट कार्ड में उसका परीक्षा केंद्र बदलकर अबू धाबी इंडियन स्कूल, यूएई कर दिया गया।
परिवार का कहना है कि आवेदन के दौरान छात्र ने अपनी पहली पसंद नागपुर, दूसरी वर्धा और तीसरी भंडारा चुना था। इसके बावजूद विदेश में परीक्षा केंद्र आवंटित होना समझ से परे है। एडमिट कार्ड देखने के बाद परिवार हैरान रह गया।
एनटीए हेल्पलाइन से की शिकायत
छात्र के पिता मोहम्मद तालिब ने बताया कि उनके बेटे के पास पासपोर्ट तक नहीं है और परीक्षा से ठीक पहले विदेश यात्रा की व्यवस्था करना संभव नहीं है। उन्होंने तुरंत राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।
परिवार के अनुसार एनटीए अधिकारियों ने प्राथमिक तौर पर इसे तकनीकी या प्रशासनिक त्रुटि माना है और जांच के बाद संशोधित एडमिट कार्ड जारी करने का आश्वासन दिया है। हालांकि परीक्षा से ठीक पहले उत्पन्न हुई इस स्थिति ने छात्र और परिवार की चिंता बढ़ा दी है।
पूर्व शिक्षा मंत्री ने उठाए सवाल
महाराष्ट्र के पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. अनीस अहमद ने इस घटना को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए कहा कि एनटीए को तत्काल छात्र को नागपुर या नजदीकी शहर में परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक छात्र की परेशानी नहीं, बल्कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता से भी जुड़ा हुआ है।
पुनर्परीक्षा के लिए सख्त सुरक्षा व्यवस्था
एनटीए के मुताबिक 21 जून को होने वाली नीट-यूजी 2026 पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा सामग्री को जीपीएस युक्त वाहनों से पुलिस सुरक्षा के बीच केंद्रों तक पहुंचाया जा रहा है। सभी प्रमुख केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन और रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया गया है।
22 लाख से ज्यादा छात्र होंगे शामिल
नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित की जाएगी। इसमें 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। एनटीए ने अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है और स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बाद किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।





