#प्रदेश

बस्तर में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, नापजोख के दौरान आरआई समेत तीन लोगों से मारपीट

Advertisement Carousel

० अदालत के आदेश पर कब्जा दिलाने पहुंची थी राजस्व टीम, ग्रामीणों के विरोध के बाद गांव में बढ़ा तनाव

बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के करपावंड गांव में जमीन विवाद को लेकर उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब जमीन की नापजोख और कब्जा दिलाने पहुंची राजस्व विभाग की टीम के सामने विवाद हिंसक हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने जमीन मालिक, जमीन बेचने वाले व्यक्ति और राजस्व निरीक्षक (आरआई) के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, शेराराम चौधरी ने मदन निषाद से करीब 10 एकड़ 10 डिसमिल जमीन खरीदी थी। इस जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मामला न्यायालय में पहुंचा, जहां फैसला शेराराम चौधरी के पक्ष में आया। अदालत के आदेश के बाद राजस्व विभाग की टीम जमीन की नापजोख और कब्जा दिलाने के लिए करपावंड गांव पहुंची थी।

कार्रवाई के दौरान बिगड़ा माहौल

राजस्व विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पूरी प्रक्रिया न्यायालय के आदेश और सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार की जा रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने ग्रामीणों को भड़काया, जिससे मौके पर विवाद बढ़ गया और मारपीट की घटना हुई।

अधिकारियों का आरोप है कि सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए संबंधित लोगों ने कानून हाथ में लिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नक्शे की त्रुटि का आरोप

दूसरी ओर ग्रामीणों और ग्राम सरपंच का कहना है कि जिस राजस्व नक्शे के आधार पर जमीन की नापजोख की जा रही थी, उसमें त्रुटियां हैं। उनका दावा है कि जमीन की वास्तविक स्थिति सरकारी नक्शे से मेल नहीं खाती। ग्रामीणों का कहना है कि पहले रिकॉर्ड और नक्शे की विसंगतियों को दूर किया जाना चाहिए था, उसके बाद कब्जा दिलाने की कार्रवाई की जानी चाहिए थी।

गांव में पुलिस तैनात

घटना के बाद गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन तनाव बना हुआ है।