अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय में हुआ योगाभ्यास

रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय में योग विभाग, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एनसीसी गर्ल्स बटालियन की अधिकारी महुआ भट्टाचार्य रहीं। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि महुआ भट्टाचार्य ने कहा कि वर्तमान तनावपूर्ण जीवन में योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने युवाओं को योग अपनाकर स्वस्थ और सशक्त राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान योग शिक्षिका प्रिया वर्मा ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का प्रदर्शन कराया तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। आयोजन का उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया। योग विभाग, एनसीसी, एनएसएस एवं खेल विभाग के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।





