#प्रदेश

सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा का शुभारंभ: मुख्यमंत्री साय ने दिखाई विशेष ट्रेन को हरी झंडी, 1000 से अधिक श्रद्धालु रवाना

Advertisement Carousel

 

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को रायपुर रेलवे स्टेशन से सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा का शुभारंभ करते हुए विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत के राष्ट्रीय स्वाभिमान, सांस्कृतिक गौरव और सनातन आस्था का प्रमुख प्रतीक है।

1000 से अधिक विशिष्टजन और श्रद्धालु हुए रवाना

इस विशेष यात्रा में छत्तीसगढ़ से 1000 से अधिक श्रद्धालु, पद्मश्री सम्मानित व्यक्तित्व, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय कलाकार, साहित्यकार और विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्टजन शामिल हुए। यात्रा के दौरान श्रद्धालु प्रदेश के प्रमुख शिवालयों की पावन माटी और विभिन्न नदियों का जल लेकर भगवान सोमनाथ को अर्पित करेंगे।

सोमनाथ आस्था और पुनर्जागरण का प्रतीक

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सोमनाथ मंदिर को इतिहास में कई बार आक्रांताओं द्वारा ध्वस्त किया गया, लेकिन हर बार उसका पुनर्निर्माण हुआ। यह भारतीय संस्कृति और देशवासियों की अटूट आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय गौरव का भी संदेश देती है।

सरदार पटेल के योगदान का किया स्मरण

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद उन्होंने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था। वहीं, देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने 75 वर्ष पूर्व पुनर्निर्मित मंदिर का लोकार्पण किया था।

राष्ट्रीय स्मरणोत्सव के रूप में मनाया जा रहा पर्व

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2027 तक पूरे देश में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व राष्ट्रीय स्मरणोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा का आयोजन किया गया है।

सांस्कृतिक एकता का जीवंत उदाहरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से लाई गई पवित्र मिट्टी और जल भारत की सांस्कृतिक विविधता और एकता का प्रतीक है। यह यात्रा देश की आध्यात्मिक विरासत को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।

श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें अंगवस्त्र भेंट किए और उनकी सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।इस अवसर पर कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक धरमलाल कौशिक, अनुज शर्मा, इंद्रकुमार साहू, डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, संपत अग्रवाल, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कलाकार, साहित्यकार और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।