#crime #प्रदेश

रायपुर में 12 घंटे के भीतर 3 शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका से पुलिस अलर्ट

Advertisement Carousel

 

रायपुर। राजधानी रायपुर में पिछले 12 घंटों के भीतर तीन अलग-अलग स्थानों पर शव मिलने से हड़कंप मच गया है। खमतराई और पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में मिले इन शवों के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक जांच में तीनों मामलों में हत्या की आशंका जताई जा रही है।

WRS कॉलोनी में युवक की हत्या का शक

खमतराई थाना क्षेत्र की WRS कॉलोनी स्थित एक खुले मैदान में रविवार देर रात एक अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान हैं। घटनास्थल पर खून फैला हुआ था। आशंका है कि भारी पत्थर से हमला कर युवक की हत्या की गई है।

मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस को युवक के दाहिने हाथ पर “RK सारथी” नाम का टैटू मिला है, जिसके आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है।

मेटल पार्क में मिला 5 दिन पुराना शव

खमतराई थाना क्षेत्र के मेटल पार्क इलाके में एक अन्य अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। शव करीब चार से पांच दिन पुराना बताया जा रहा है और काफी सड़-गल चुका है। मृतक के शरीर पर “चांदनी” नाम का टैटू मिला है। पुलिस इसे भी संदिग्ध मौत मानते हुए हत्या के एंगल से जांच कर रही है।

भाठागांव में रिंग रोड किनारे मिला शव

तीसरा मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के भाठागांव इलाके का है, जहां रिंग रोड किनारे एक युवक का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

सभी मामलों की जांच तेज

लगातार तीन शव मिलने की घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शवों की पहचान के बाद ही मौत के कारणों और घटनाओं की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी। फिलहाल सभी मामलों की जांच हर पहलू से की जा रही है।