#अंतरराष्ट्रीय

वेनेजुएला में भूकंप का कहर: एक मिनट में दो बड़े झटकों से दहला देश, 162 मौतें, 971 घायल

Advertisement Carousel

 

काराकास। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में बुधवार को आए भीषण भूकंप ने भारी तबाही मचा दी। महज एक मिनट के अंतराल में आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंपों ने राजधानी काराकास समेत कई इलाकों को हिला दिया। ताजा रिपोर्ट के अनुसार इस आपदा में 162 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 971 से अधिक लोग घायल हुए हैं। राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है।

यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक पहला भूकंप काराकास से करीब 160 किलोमीटर पश्चिम में आया, जिसके तुरंत बाद दूसरा और अधिक शक्तिशाली झटका महसूस किया गया। भूकंप के कारण कई इमारतें और मकान ढह गए, जिससे बड़ी संख्या में लोग मलबे में दब गए।

इमरजेंसी घोषित, बचाव अभियान तेज

भूकंप के बाद कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने पूरे देश में आपातकाल घोषित कर दिया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद कर रही है।

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए विशेष आपदा राहत दलों को तैनात किया गया है। सेना, पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीमें लगातार राहत कार्य में जुटी हुई हैं।

आंखों के सामने बिखर गईं इमारतें

स्थानीय निवासियों ने बताया कि भूकंप के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पश्चिमी काराकास निवासी एस्ट्रिड रामिरेज़ ने बताया कि अचानक लोगों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी और हर कोई जान बचाने के लिए इमारतों से बाहर भागने लगा।

वहीं, पूर्वी काराकास की निवासी कोरो मार्टिनेज ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में इतना भयानक झटका कभी महसूस नहीं किया। घर के भीतर रखा सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तक गिर पड़े।

अस्पतालों में अलर्ट, एयरपोर्ट बंद

राजधानी के अस्पतालों में घायलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त चिकित्सा स्टाफ तैनात किया गया है। वहीं, काराकास के पास स्थित देश के सबसे बड़े हवाई अड्डे माइक्वेटिया को नुकसान के चलते अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

मदद के लिए आगे आया अमेरिका

अमेरिका ने भी वेनेजुएला को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि वे राहत सामग्री और बचाव सहायता उपलब्ध कराने के लिए वेनेजुएला सरकार के संपर्क में हैं।

पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि भारत इस कठिन समय में वेनेजुएला के लोगों के साथ खड़ा है और जरूरत पड़ने पर हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है।

तेल उद्योग सुरक्षित

भूकंप के बावजूद वेनेजुएला के प्रमुख तेल उत्पादन केंद्रों और तेल अवसंरचना को तत्काल कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है। अधिकारियों के अनुसार, महत्वपूर्ण तेल प्रतिष्ठान सुरक्षित हैं और उत्पादन पर फिलहाल कोई असर नहीं पड़ा है।फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है और मृतकों व घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।