नक्सलियों के ठिकानों पर सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई: जंगल से हथियारों का जखीरा और 24 लाख रुपये नकद बरामद

० टेकला के जंगल से इंसास, SLR व विस्फोटक मिले, तोयामेटा में छिपाए गए नकदी पर भी सुरक्षाबलों का कब्जा
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए सर्च ऑपरेशन में जवानों ने नारायणपुर जिले के दो अलग-अलग स्थानों से नक्सलियों का हथियारों का बड़ा जखीरा और 24 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इसे नक्सल नेटवर्क की आर्थिक और सैन्य क्षमता पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, टेकला जंगल में चलाए गए अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने इंसास रायफल, एसएलआर, .303 रायफल, भारी मात्रा में गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की। वहीं छोटेडोंगर क्षेत्र के तोयामेटा जंगल-पहाड़ी में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए 24 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए।
सुरक्षाबलों का मानना है कि यह नकदी नक्सली संगठन की गतिविधियों और लॉजिस्टिक जरूरतों के लिए छिपाकर रखी गई थी। बरामद हथियारों और नकदी को कब्जे में लेकर आगे की जांच और क्षेत्र में सर्च अभियान जारी है।




