छत्तीसगढ़ में मौसम का बड़ा यू-टर्न: आज से झमाझम बारिश की संभावना , 7 दिन तक गरज-चमक और वज्रपात का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। शनिवार से प्रदेश के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक, तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
छत्तीसगढ़ में शनिवार से मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अगले सात दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी। कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, वर्तमान में तीन अलग-अलग मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं, जिनके संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में वर्षा का दायरा तेजी से बढ़ेगा। इसके चलते अगले तीन से चार दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून छत्तीसगढ़ के शेष क्षेत्रों में भी पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों ने दी सलाह
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। तेज हवाओं और वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। साथ ही अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है।
वहीं, यह बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आएगी और खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिलेगी। हालांकि, लगातार बारिश से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है, इसलिए प्रशासन ने भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।




