जापान में फिर कांपी धरती: 6.1 तीव्रता के भूकंप से दहशत, कई इलाकों में महसूस हुए तेज झटके

टोक्यो। जापान में रविवार सुबह एक बार फिर भूकंप के तेज झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया। देश के उत्तर-पूर्वी तट के पास स्थित इवाते (Iwate) क्षेत्र में 6.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र समुद्र में जमीन से करीब 40 किलोमीटर की गहराई में था। इसके झटके आओमोरी समेत आसपास के कई इलाकों में भी महसूस किए गए। हालांकि, फिलहाल किसी बड़े नुकसान या सुनामी की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
समुद्र के भीतर था भूकंप का केंद्र
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के अनुसार, स्थानीय समयानुसार सुबह 7:25 बजे इवाते प्रांत के तट के पास भूकंप आया। इसका केंद्र समुद्र के भीतर करीब 40 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। झटकों के बाद लोग घरों और इमारतों से बाहर निकल आए।
भूकंप और सुनामी के लिहाज से संवेदनशील है जापान
जापान दुनिया के सबसे अधिक भूकंप प्रभावित देशों में शामिल है। हाल के दिनों में यहां लगातार भूकंप के झटके दर्ज किए जा रहे हैं। गुरुवार को भी इसी क्षेत्र के पास 7.2 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था, जिसकी तीव्रता बाद में संशोधित कर बढ़ाई गई थी।
आगे भी आ सकते हैं भूकंप के झटके
मौसम विज्ञान एजेंसी ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि आने वाले दिनों में आफ्टरशॉक या अन्य भूकंप आने की संभावना बनी हुई है। शुक्रवार को माउंट फूजी के पास और टोक्यो के पश्चिम में स्थित यामानाशी प्रांत में भी 5.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था, जिससे क्षेत्र में भूकंपीय गतिविधियां लगातार बढ़ी हुई हैं।





