#प्रदेश

‘मन की बात’ जनभागीदारी का सशक्त मंच, विकसित भारत के संकल्प को मिल रही नई ऊर्जा : सीएम विष्णु देव साय

Advertisement Carousel

 

० मुख्यमंत्री निवास में सुनी प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ की 135वीं कड़ी, पर्यावरण, जल संरक्षण, सामाजिक सुरक्षा और नवाचार पर दिए गए संदेशों को बताया प्रेरणादायी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास में जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 135वीं कड़ी सुनी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ आज जनभागीदारी और जनप्रेरणा का सशक्त माध्यम बन चुकी है, जो विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक कड़ी के माध्यम से देशभर के नवाचारों, जनसहभागिता और प्रेरणादायी प्रयासों को सामने लाते हैं। इससे समाज में सकारात्मक सोच और परिवर्तन को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों और नवाचारों का उल्लेख पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार प्रधानमंत्री ने आगामी गणेशोत्सव पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं की स्थापना का आह्वान किया। साथ ही प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने तथा वर्षा जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संदेश भी दिया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने मेघालय के जीवित रूट ब्रिज, असम की महिलाओं द्वारा ‘हरगिला आर्मी’ के जरिए दुर्लभ पक्षियों के संरक्षण, नागालैंड में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने वाली पहलों तथा नालंदा विश्वविद्यालय और सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी के भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। इसके अलावा मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले की महिलाओं द्वारा प्लास्टिक अपशिष्ट से सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक बनाने की पहल को स्वच्छता और नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण बताया गया।

इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, विधायक गोमती साय, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, सीजीएमएससी के अध्यक्ष दीपक म्हस्के, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, सच्चिदानंद उपासने, अखिलेश सोनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।