#प्रदेश

रामगढ़ को मिलेगी वैश्विक पहचान, सीएम साय ने विकास के लिए 1 करोड़ और नई नगर पंचायत का किया ऐलान

Advertisement Carousel

 

० रामगढ़ महोत्सव-2026 का भव्य समापन, पहाड़ी कोरवा बच्चों का कराया स्कूल प्रवेश और टूरिज्म इन्फ्लूएंसर्स को किया सम्मानित

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि रामगढ़ केवल एक सांस्कृतिक स्थल नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की गौरवशाली परंपरा, इतिहास, आस्था और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रामगढ़, सीताबेंगरा और जोगीमारा जैसी ऐतिहासिक धरोहरों को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री मंगलवार को सरगुजा जिले में आयोजित दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव-2026 के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने रामगढ़ के विकास के लिए 1 करोड़ रुपये देने तथा उदयपुर और डूमरडीह को मिलाकर नई नगर पंचायत बनाने की घोषणा की।

पर्यटन और विरासत को मिलेगा नया आयाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सीताबेंगरा गुफा, जोगीमारा गुफा और हाथीपोल जैसी धरोहरें देश की सांस्कृतिक विरासत की अनमोल पहचान हैं। उन्होंने बताया कि पर्यटक सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक इस ऐतिहासिक क्षेत्र से परिचित हो सकें। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में रामगढ़ महोत्सव का आयोजन और अधिक भव्य स्वरूप में किया जाएगा।

भगवान श्रीराम और कालिदास से जुड़ी है रामगढ़ की पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनश्रुतियों के अनुसार भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण ने वनवास के दौरान इस क्षेत्र में समय बिताया था। सीताबेंगरा गुफा आज भी आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि जोगीमारा गुफा अपनी प्राचीन भित्तिचित्र कला और सीताबेंगरा भारत की प्राचीनतम नाट्यशालाओं में शामिल होने के कारण विश्वभर में विशेष महत्व रखती है। साथ ही महाकवि कालिदास द्वारा ‘मेघदूतम्’ की रचना इसी क्षेत्र में किए जाने का उल्लेख रामगढ़ के साहित्यिक महत्व को भी बढ़ाता है।

विकास योजनाओं का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में सरगुजा जिले में 2,387 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं और प्रतिदिन करीब 1,600 आवास तैयार हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है और 13 लाख किसानों को दो वर्षों का बकाया बोनस दिया गया है। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। इसके अलावा रामलला दर्शन योजना और तीर्थयात्रा दर्शन योजना का भी लाभ हजारों लोगों को मिल रहा है।

पहाड़ी कोरवा बच्चों का कराया स्कूल प्रवेश

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के छह बच्चों का विधिवत स्कूल प्रवेश कराया। उन्होंने बच्चों को तिलक लगाकर मिठाई खिलाई तथा स्कूल बैग, पानी की बोतल और अध्ययन सामग्री भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

टूरिज्म इन्फ्लूएंसर्स का हुआ सम्मान

मुख्यमंत्री ने 26 से 30 जून तक सरगुजा के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर डिजिटल माध्यमों से प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाले टूरिज्म इन्फ्लूएंसर्स को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।

समापन समारोह में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, विधायक प्रबोध मिंज, रामकुमार टोप्पो, शकुंतला पोर्ते, उद्देश्वरी पैंकरा, युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।