#प्रदेश

नकटी बुलडोजर कार्रवाई पर गरमाई सियासत, कांग्रेस का ऐलान- ‘गरीबों के घर उजाड़कर नहीं बनने देंगे विधायक कॉलोनी’

Advertisement Carousel

 

रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि गरीबों के घर तोड़कर विधायक कॉलोनी बनाना स्वीकार नहीं है और कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस परियोजना के लिए दूसरी जगह जमीन चयन करने की मांग की है।

‘विधायक कॉलोनी के लिए गरीबों के घर क्यों तोड़े?’

दीपक बैज ने कहा कि नकटी गांव में लोग पिछले 30-40 वर्षों से रह रहे थे, लेकिन 29 जून को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर उनके मकान ध्वस्त कर दिए। उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई में प्रधानमंत्री आवास योजना और इंदिरा आवास योजना के तहत बने करीब 85 मकान भी तोड़े गए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब नया रायपुर में पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध है, तो विधायक कॉलोनी के लिए गरीबों को बेघर क्यों किया गया।

’25 लोगों का परिवार एक कमरे में कैसे रहेगा?’

बैज ने पुनर्वास व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को केवल एक कमरे का मकान दिया जा रहा है, जबकि कई परिवारों में 20 से 25 सदस्य हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन मकानों में लोगों को भेजा गया है, वहां बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। साथ ही मकानों की कीमत 5.5 लाख से 8.5 लाख रुपये बताकर पूछा कि इसका भुगतान कौन करेगा।

‘गरीबों का घर उजाड़कर विधायक आवास मंजूर नहीं’

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस किसी भी कीमत पर गरीबों के आशियाने उजाड़कर विधायक और अधिकारियों के लिए कॉलोनी बनाए जाने का समर्थन नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस विधायक चातुरी नंद और जनक ध्रुव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर स्पष्ट किया है कि वे गरीबों के घर तोड़कर बने आवास स्वीकार नहीं करेंगे। साथ ही भाजपा विधायकों से भी इसी तरह का रुख अपनाने की अपील की गई है।

भाजपा नेताओं पर गुमराह करने का आरोप

दीपक बैज ने आरोप लगाया कि स्थानीय भाजपा विधायक और सांसद ने ग्रामीणों को भरोसा दिया था कि उनके मकान नहीं टूटेंगे, लेकिन बाद में प्रशासन ने कार्रवाई कर दी। उन्होंने मांग की कि सरकार प्रभावित परिवारों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे, उचित मुआवजा दे और उसी स्थान पर नए मकान बनाकर दे।

‘उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने की साजिश’

बैज ने आरोप लगाया कि नकटी क्षेत्र में उद्योगपतियों और सरकार के करीबी लोगों की जमीन को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से यह परियोजना लाई जा रही है। उन्होंने सरकार से पूरे क्षेत्र का निष्पक्ष सीमांकन कराने की मांग की।

भाजपा नेताओं की चुप्पी पर सवाल

नकटी मामले पर प्रदेश के मंत्री रामविचार नेताम और गजेंद्र यादव ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। वहीं भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि इस मुद्दे पर विधायक अनुज शर्मा जवाब देंगे। अन्य भाजपा विधायकों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।