छत्तीसगढ़ में मानसून का कहर: रायपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, 25 से ज्यादा जिलों में रेड-ऑरेंज अलर्ट जारी

० बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब का असर, अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी; कई इलाकों में जलभराव, 8 जुलाई से बारिश की तीव्रता घटने के आसार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह मेहरबान है। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब (लो-प्रेशर एरिया) के प्रभाव से पिछले दो-तीन दिनों से प्रदेशभर में लगातार बारिश हो रही है। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। लगातार हो रही वर्षा के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि बिना रेनकोट और छाते के घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों तक मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। हालांकि, 8 जुलाई से प्रदेशभर में बारिश की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने के संकेत हैं।
कई जिलों में मूसलाधार बारिश
बीते 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम और कई स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक राजिम में 19 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा दुर्ग में 18 सेंटीमीटर, छुरा में 16 सेंटीमीटर, रायपुर शहर, राजनांदगांव और पाटन में 15-15 सेंटीमीटर, जबकि गोबरा नवापारा और माना में 14-14 सेंटीमीटर बारिश हुई। अर्जुन्दा, लाभांडी, गुंडरदेही, भिलाई, कोमाखान, मंदिर हसौद, महासमुंद, अभनपुर, गरियाबंद और धमतरी सहित कई क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।
रायपुर में आज भी भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने रायपुर के लिए सोमवार को भी आसमान में घने बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ भारी बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
25 से अधिक जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के 25 से अधिक जिलों के लिए अलग-अलग स्तर की चेतावनी जारी की है।
रेड अलर्ट वाले जिलों में रायपुर, दुर्ग, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर और कोरिया शामिल हैं। इन क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।
वहीं ऑरेंज और येलो अलर्ट वाले जिलों में बस्तर संभाग के कई जिले, रायगढ़, सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर समेत अन्य क्षेत्र शामिल हैं, जहां गरज-चमक, तेज हवाओं और मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
प्रशासन की अपील
मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।




