#प्रदेश

कोरबा में पिकनिक बना मातम: सतरेंगा नदी में डूबने से SECL कर्मी की मौत, देर शाम मिला शव

Advertisement Carousel

 

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पर्यटन स्थल सतरेंगा में पिकनिक मनाने गए एक SECL कर्मी की नदी में डूबने से मौत हो गई। रविवार को हुए हादसे के बाद सोमवार देर शाम नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने कई घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव नदी से बरामद किया। घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

टापू तक जाने के दौरान गहरे पानी में डूबा युवक

मृतक की पहचान सुभांशु ध्रुव (24) निवासी कोरबा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह रविवार को अपने पांच दोस्तों के साथ सतरेंगा पिकनिक मनाने गया था। सभी दोस्त नदी के बीच बने एक टापू तक जाने की कोशिश कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि बीच रास्ते से सुभांशु वापस लौटने लगा, लेकिन इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश, रात में रुका रेस्क्यू

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर श्यांग चौकी और लेमरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रात होने और पानी का बहाव तेज होने के कारण रविवार को रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।

सोमवार शाम को बरामद हुआ शव

सोमवार सुबह नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पूरे दिन चले अभियान के बाद देर शाम सुभांशु ध्रुव का शव नदी से बाहर निकाल लिया गया।

परिवार का इकलौता सहारा था सुभांशु

सुभांशु की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। करीब चार वर्ष पहले उसके पिता का निधन हो गया था, जिसके बाद उसे अनुकंपा नियुक्ति के तहत SECL में नौकरी मिली थी। वह पिछले करीब ढाई वर्षों से SECL कोरबा क्षेत्र की सेंट्रल वर्कशॉप में कार्यरत था।

घर का इकलौता कमाने वाला बेटा होने के कारण उसकी असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।