छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र आज से, पहले दिन तीजन बाई को श्रद्धांजलि; 8 विधेयक होंगे पेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। 17 जुलाई तक चलने वाले इस सत्र में कुल पांच बैठकें आयोजित होंगी। सरकार इस दौरान आठ विधेयक सदन में पेश करेगी। पहले दिन की कार्यवाही की शुरुआत हाल ही में दिवंगत पद्म विभूषण एवं सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ होगी।
सत्र के पहले दिन प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा तथा वन मंत्री केदार कश्यप अपने-अपने विभागों से जुड़े सदस्यों के सवालों के जवाब देंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सदन के पटल पर छत्तीसगढ़ राज्य मानवाधिकार आयोग का वार्षिक प्रतिवेदन 2024-25, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग का वार्षिक लेखा प्रतिवेदन (वित्तीय वर्ष 2024-25) तथा अधिसूचित छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग विनियम-2026 प्रस्तुत करेंगे।
वहीं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ‘विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (VBGRAM) योजना, छत्तीसगढ़’ से संबंधित दस्तावेज सदन के पटल पर रखेंगे। वाणिज्य कर मंत्री ओपी चौधरी गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स नेटवर्क (GSTN) की वार्षिक रिपोर्ट 2024-25 प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा फरवरी-मार्च 2026 के विधानसभा सत्र के प्रश्नों के अपूर्ण उत्तरों का संकलन भी सदन में रखा जाएगा।
सत्र के पहले दिन ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर और धर्मजीत सिंह प्रदेश में पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन में कथित लापरवाही का मुद्दा उठाते हुए संस्कृति मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे। वहीं कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप जांजगीर जिला अस्पताल में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण में कथित अनियमितता का मामला सदन में उठाएंगे।





