#प्रदेश #राष्ट्रीय

राम मंदिर में CEO बनने का सुनहरा मौका: ट्रस्ट ने मांगे आवेदन, हिंदू और रामभक्त होना अनिवार्य

Advertisement Carousel

 

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। चयनित अभ्यर्थी की नियुक्ति तीन वर्ष के लिए होगी, जबकि वेतन और अन्य सुविधाएं आपसी सहमति के आधार पर तय की जाएंगी।

18 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन

इच्छुक उम्मीदवार 18 जुलाई शाम 4 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। इस पद के लिए 50 से 70 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी पात्र होंगे। उम्मीदवार को हिंदी और अंग्रेजी भाषा का अच्छा ज्ञान होना आवश्यक है।

हिंदू और रामभक्त वैष्णव होना सबसे अहम शर्त

ट्रस्ट की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, आवेदक का सक्रिय हिंदू और रामभक्त वैष्णव होना अनिवार्य है। इसके अलावा अभ्यर्थी के पास कम से कम 20 वर्षों का प्रशासनिक या प्रबंधन अनुभव होना चाहिए। विशेष रूप से किसी बड़े प्रशासनिक पद या हिंदू धार्मिक संस्था के संचालन का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।

वेतन बातचीत से होगा तय, अयोध्या में रहना होगा अनिवार्य

नियुक्त होने वाले CEO का वेतन और अन्य सुविधाएं आपसी बातचीत के आधार पर तय की जाएंगी। चयनित अधिकारी को अयोध्या में निवास करना अनिवार्य होगा। प्रारंभिक कार्यकाल तीन वर्ष का रहेगा, जिसे आवश्यकता के अनुसार आगे बढ़ाया भी जा सकता है।

चढ़ावा चोरी की घटना के बाद लिया गया फैसला

राम मंदिर में हाल ही में सामने आए चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद ट्रस्ट लगातार व्यवस्थाओं को मजबूत करने में जुटा है। निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने इस घटना को मंदिर प्रबंधन के लिए “कलंक” बताते हुए कहा था कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

इसी दिशा में ट्रस्ट ने CEO की नियुक्ति के लिए तीन सदस्यीय चयन समिति का गठन किया है। यही समिति आवेदन की समीक्षा कर योग्य उम्मीदवार का चयन करेगी।