दतिया उपचुनाव: BJP प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने भरा नामांकन, मंच पर भावुक हुए नरोत्तम मिश्रा

दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान मंच पर एक भावुक पल देखने को मिला, जब पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भावुक हो गए। उनका गला भर आया, जिसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने उन्हें संभाला।
नामांकन में जुटे भाजपा के दिग्गज
नामांकन दाखिल करने के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके बाद दतिया के किला चौक पर भाजपा की जनसभा आयोजित की गई, जिसमें पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं में जीत का भरोसा जगाया।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि दतिया में भाजपा की जीत तय है और कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में जुटे हैं।
“हर घर जाकर शीश नवाऊंगा”, कहते-कहते भावुक हुए नरोत्तम
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस भाजपा में फूट की बात करती है, लेकिन आज पूरा संगठन एकजुट होकर चुनाव लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रसेवा की भावना से काम करता है।
उन्होंने कहा, “मैं दतिया के एक-एक घर जाकर शीश नवाऊंगा और भाजपा प्रत्याशी को जिताने का प्रयास करूंगा।” यह कहते-कहते उनका गला भर आया और वे भावुक हो गए। मंच पर मौजूद नेताओं ने उन्हें ढांढस बंधाया।
सीएम मोहन यादव बोले- भारी बहुमत से जीतेंगे
सभा के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से कहा कि प्रदेश अध्यक्ष और डॉ. नरोत्तम मिश्रा के नेतृत्व में भाजपा ने नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी भारी बहुमत से उपचुनाव जीतेगी।
30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे
दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
टिकट कटने के बाद हुआ था जोरदार विरोध
गौरतलब है कि भाजपा द्वारा 10 जुलाई को आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद दतिया में नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया था। करीब 12 घंटे तक हाईवे जाम रहा और हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े थे।
बाद में भोपाल में पार्टी नेतृत्व के साथ हुई बैठक के बाद स्थिति सामान्य हुई। स्वयं डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने और पार्टी मंच के माध्यम से अपनी बात रखने की अपील की थी। अब नामांकन के दौरान वरिष्ठ नेताओं की एकजुट मौजूदगी के साथ भाजपा ने संगठन में एकता का संदेश देने की कोशिश की है।




