#crime #प्रदेश

भाटापारा में दिनदहाड़े सराफा व्यापारी से लूट, बंदूक की बट से हमला कर सोने-चांदी के जेवर लूटे

Advertisement Carousel

 

बलौदाबाजार-भाटापारा। छत्तीसगढ़ के भाटापारा क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े सराफा व्यापारी से लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। चार बाइक सवार बदमाशों ने व्यापारी को सुनसान रास्ते पर रोककर बंदूक की नोक पर हमला किया और सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है।

दुकान खोलने जा रहे व्यापारी को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार, ग्राम रोहरा निवासी सराफा व्यापारी बलराम सोनी गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अपनी दुकान खोलने जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम तरेंगा के बाहर सुनसान मार्ग पर चार बाइक सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी रोक ली।

बंदूक की बट से किया हमला, जेवरात लेकर फरार

आरोपियों ने व्यापारी को हथियार दिखाकर धमकाया। विरोध करने पर बदमाशों ने बंदूक की बट से उनके सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद उनके पास मौजूद सोने-चांदी के जेवरात लूटकर मौके से फरार हो गए। हमले में व्यापारी घायल हो गए।

नाकेबंदी कर तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी की गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों के संभावित फरार मार्गों की भी जांच की जा रही है।

पहले भी इसी मार्ग पर हो चुकी हैं लूट की वारदातें

गौरतलब है कि जिस मार्ग पर यह वारदात हुई है, उसी रास्ते पर पहले भी दो सराफा व्यापारियों से लूट की घटनाएं हो चुकी हैं। उन मामलों में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। ऐसे में एक बार फिर उसी इलाके में सराफा व्यापारी को निशाना बनाए जाने से पुलिस की कार्यप्रणाली और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

व्यापारियों में आक्रोश, सुरक्षा बढ़ाने की मांग

घटना के बाद व्यापारी वर्ग में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। व्यापारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और लुटेरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।