CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, रायपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून का ब्रेक खत्म होने के बाद एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव (लो प्रेशर) क्षेत्र का असर पूरे प्रदेश में देखने को मिल रहा है। राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह से बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में हल्की बारिश व बूंदाबांदी हो रही है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज रहने और कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
अधिकतम तापमान: 31°C
न्यूनतम तापमान: 24°C
गुरुवार को यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
प्रदेश में गुरुवार को कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
मुख्य वर्षा रिकॉर्ड:
शंकरगढ़, कुसमी – 9 सेमी
चांदो – 8 सेमी
पटना – 6 सेमी
समरी – 5 सेमी
बलरामपुर, दौरा कोचली – 4-4 सेमी
बोराई, बिहारपुर, कोटा, रामानुजनगर, मरवाही, चलगली, अंबिकापुर – 3-3 सेमी
सकरी, भिलाई, रघुनाथनगर, अहिवारा – 2-2 सेमी
वहीं दुर्ग में प्रदेश का सबसे अधिक 33.6°C अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.4°C रिकॉर्ड हुआ।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है लो प्रेशर सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर एक सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इसके अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है, जिसका असर छत्तीसगढ़ में बारिश के रूप में देखने को मिलेगा।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज-चमक और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले:
रायपुर
धमतरी
बालोद
राजनांदगांव
महासमुंद
बलौदाबाजार
जांजगीर-चांपा
बिलासपुर
कोरबा
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही
दुर्ग
बेमेतरा
कबीरधाम
मुंगेली
इन जिलों में यलो अलर्ट
यलो अलर्ट वाले जिलों में सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, गरियाबंद, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर समेत कई अन्य जिले शामिल हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों पर न जाने और तेज हवा के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।




