#प्रदेश

जगदलपुर में महिला आरक्षक 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, ACB की कार्रवाई

Advertisement Carousel

 

० कोर्ट के सुपुर्दनामा के बावजूद ट्रैक्टर छोड़ने के लिए मांगी थी रिश्वत, शिकायत के बाद बिछाया गया जाल

जगदलपुर। बस्तर जिले के कोड़ेनार थाना में पदस्थ महिला आरक्षक तिलेश्वरी साहू को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी आरक्षक पर कोर्ट के आदेश के बावजूद जब्त ट्रैक्टर छोड़ने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, एक सड़क दुर्घटना के मामले में कोड़ेनार पुलिस ने एक ट्रैक्टर जब्त किया था। बाद में न्यायालय ने ट्रैक्टर मालिक बंगालु यादव के पक्ष में सुपुर्दनामा जारी करते हुए वाहन सौंपने का आदेश दिया था। आरोप है कि इसके बावजूद महिला आरक्षक तिलेश्वरी साहू ट्रैक्टर रिलीज करने के लिए 10 हजार रुपये की मांग कर रही थी।

पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही महिला आरक्षक ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि ली, मौके पर मौजूद ACB टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल ACB की टीम आरोपी महिला आरक्षक से पूछताछ कर रही है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।