रायपुर में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई, पचपेड़ी नाका और पंडरी मार्केट से हटाए ठेले-गुमटियां

० यातायात पुलिस और नगर निगम का संयुक्त अभियान, सड़क-फुटपाथ खाली होने से आवागमन हुआ सुगम
रायपुर। राजधानी में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यातायात पुलिस और नगर निगम ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान पचपेड़ी नाका, पुजारी पार्क और पंडरी कपड़ा मार्केट मंडी गेट क्षेत्र में सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।
अभियान के दौरान सार्वजनिक मार्गों पर ठेले, गुमटियां और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। सड़क पर सामान फैलाकर आवागमन बाधित करने वाले दुकानदारों को तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए और नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
कार्रवाई के बाद संबंधित क्षेत्रों में यातायात पहले की तुलना में अधिक सुचारु हो गया, जिससे वाहन चालकों, पैदल यात्रियों और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिली। स्थानीय लोगों ने भी नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाने की मांग की।
डीसीपी यातायात श्रीमती अर्चना झा ने नागरिकों और व्यापारियों से सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण से न केवल जाम की समस्या बढ़ती है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ऐसे अभियान लगातार चलाती रहेगी, ताकि राजधानी में सुरक्षित और जाममुक्त यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।





