#प्रदेश

सारंगढ़ में बड़ा हादसा: उफनती नदी में बही कार, पूर्व सरपंच और पत्नी लापता; युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन जारी

Advertisement Carousel

 

० माधोपाली पुल पर तेज बहाव के बीच कार हुई अनियंत्रित, पुलिस-प्रशासन और गोताखोरों की संयुक्त टीम तलाश में जुटी

सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक बड़ा हादसा सामने आया है। माधोपाली पुल पर तेज बहाव के बीच कार नदी में बह गई, जिसमें सवार घोटलाबड़े गांव के पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी सविता पटेल लापता हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और गोताखोरों की टीम ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच रविवार को माधोपाली पुल पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। घोटलाबड़े गांव के पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल अपनी पत्नी सविता पटेल के साथ कार से पुल पार कर रहे थे। इसी दौरान पुल के ऊपर बह रहे तेज पानी में उनकी कार अनियंत्रित होकर नदी में बह गई।

लगातार बारिश की वजह से रेस्क्यू में आ रही दिक्कत
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई। अमझर पुल और आसपास के उफनते नालों में लापता दंपती की तलाश के लिए संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। लगातार बारिश और नदी के तेज बहाव के कारण राहत कार्य में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते पुलों और नालों को पार करने का प्रयास न करें तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।