#crime #प्रदेश

CM के प्रमुख सचिव के नाम पर फेसबुक फर्जीवाड़ा, Fake ID बनाकर परिचितों से मांगे जा रहे पैसे

Advertisement Carousel

 

० IAS सुबोध सिंह ने दर्ज कराई शिकायत, कुछ घंटों में 58 लोगों को बनाया दोस्त; पुलिस ने शुरू की जांच

रायपुर। सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से ठगी करने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अब साइबर ठगों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रमुख सचिव एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुबोध सिंह को भी निशाना बनाया है। शातिर बदमाश ने फेसबुक पर उनके नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी आईडी बनाई और परिचितों से पैसे मांगने लगा।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने रविवार को फेसबुक पर आईएएस सुबोध सिंह के नाम से फर्जी अकाउंट बनाया। हैरानी की बात यह रही कि महज दो घंटे के भीतर इस प्रोफाइल से 58 लोगों को फ्रेंड भी बना लिया गया। इसके बाद आरोपी ने उनके परिचितों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग शुरू कर दी।

मामले की जानकारी मिलते ही आईएएस सुबोध सिंह ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर फर्जी प्रोफाइल संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान और साइबर ठगी के नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सोशल मीडिया प्रोफाइल से पैसे मांगने का संदेश मिलने पर पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करें। बिना पुष्टि किए किसी भी खाते में रकम ट्रांसफर न करें और संदिग्ध प्रोफाइल की जानकारी तत्काल पुलिस या साइबर सेल को दें।