#प्रदेश

मानसून में पिकनिक बनी काल, इंदौर-महेश्वर में डूबने से दो किशोरों की मौत; नर्मदा में युवक लापता

Advertisement Carousel

० लोधिया कुंड और चोरल डैम में नहाते समय हादसा, सहस्रधारा में तेज बहाव में बहा युवक; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

इंदौर। मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच पर्यटन स्थलों पर लापरवाही जानलेवा साबित हो रही है। रविवार को इंदौर और महेश्वर में पानी में डूबने की तीन अलग-अलग घटनाओं में दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि एक युवक नर्मदा नदी के तेज बहाव में बह गया। उसकी तलाश के लिए देर शाम तक राहत एवं बचाव अभियान जारी रहा।

पहला हादसा इंदौर के महू स्थित लोधिया कुंड में हुआ, जहां दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे 17 वर्षीय किशोर की नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। वहीं दूसरा हादसा चोरल डैम में हुआ, जहां 15 वर्षीय किशोर का पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। सूचना मिलते ही गोताखोरों ने दोनों के शव बाहर निकाल लिए।

उधर, महेश्वर की सहस्रधारा में 30 वर्षीय युवक नर्मदा नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका।

लगातार हो रहे ऐसे हादसों के बीच प्रशासन ने लोगों से मानसून के दौरान नदी, झरनों, डैम और अन्य जलाशयों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। साथ ही चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।