#प्रदेश #राष्ट्रीय

अमरनाथ यात्रा में बड़ा हादसा: श्रद्धालुओं से भरी बस खाई में गिरी, 30 यात्री घायल

Advertisement Carousel

० गांदरबल के गुंड इलाके में एस-मोड़ के पास हुआ हादसा, पुलिस-एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन; घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में चल रही अमरनाथ यात्रा के दौरान मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलते हुए गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में करीब 30 अमरनाथ यात्री घायल हो गए। राहत की बात यह है कि सभी घायलों को समय रहते सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचा दिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, बस (पंजीकरण नंबर AR11 D5655) में लगभग 40 श्रद्धालु सवार थे। दुर्घटना गुंड क्षेत्र के हरिगनीवान स्थित एस-मोड़ के पास हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ने के कारण बस खाई में जा गिरी।

पुलिस और SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) और स्थानीय स्वयंसेवक मौके पर पहुंचे। बचाव दल ने तत्काल अभियान चलाकर घायलों को बस से बाहर निकाला और उन्हें कांगन के सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल में भर्ती कराया।

दो यात्रियों के सिर में गंभीर चोट

अधिकारियों ने बताया कि हादसे में घायल सभी यात्रियों की हालत फिलहाल स्थिर है। इनमें दो श्रद्धालुओं के सिर में चोटें आई हैं, जिनका इलाज डॉक्टरों की निगरानी में किया जा रहा है।

हादसे के कारणों की जांच शुरू

पुलिस ने घटना का मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है कि बस सड़क से कैसे फिसली। प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।