एसईसीएल में सुरक्षा पर मंथन, ‘शून्य दुर्घटना’ लक्ष्य के साथ 62वीं द्विपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न

० ‘सुरक्षा सर्वोपरि, सुरक्षा से समृद्धि’ का लिया संकल्प, अधिकारियों और श्रमिक प्रतिनिधियों ने सुरक्षित कार्य संस्कृति को मजबूत बनाने पर दिया जोर
बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय स्थित वसंत क्लब में बुधवार को 62वीं कंपनी स्तरीय द्विपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधियों ने ‘सुरक्षा सर्वोपरि, सुरक्षा से समृद्धि’ के संकल्प को दोहराते हुए सुरक्षित कार्य संस्कृति को और मजबूत बनाने तथा ‘शून्य दुर्घटना’ के लक्ष्य की दिशा में सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
बैठक की अध्यक्षता निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने की। इस दौरान निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र, सभी क्षेत्रों के महाप्रबंधक, मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, द्विपक्षीय सुरक्षा समिति के सदस्य और विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव) प्रकाश राय के स्वागत संबोधन से हुई।
सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान
निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने सभी प्रतिभागियों को सुरक्षा शपथ दिलाते हुए कहा कि सुरक्षित कार्य संस्कृति केवल नियमों के पालन से नहीं, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी की जागरूकता, अनुशासन और जिम्मेदारी से विकसित होती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सामूहिक प्रयासों के जरिए ‘शून्य दुर्घटना’ का लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।
आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षण पर जोर
निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र ने अपने संबोधन में कहा कि आधुनिक तकनीक, नियमित प्रशिक्षण और सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी से ही सुरक्षित एवं उत्पादक कार्य वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन और उनमें निरंतर सुधार की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।
सुरक्षा व्यवस्था और भविष्य की रणनीति पर चर्चा
बैठक में एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के सुरक्षा प्रदर्शन, मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था और आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिन पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यस्थलों पर जोखिम कम करने, बेहतर समन्वय और सुरक्षा जागरूकता को और प्रभावी बनाने पर सहमति बनी।
नई जिम्मेदारी और सेवानिवृत्ति पर सम्मान
बैठक के दौरान निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार को नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) में अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक पद पर मनोनीत होने पर शुभकामनाएं दी गईं। वहीं, द्विपक्षीय सुरक्षा समिति के सदस्य एवं एससीकेएमसी प्रतिनिधि कमलेश शर्मा के सेवानिवृत्त होने पर उनके लंबे और समर्पित सेवाकाल के लिए सम्मानपूर्वक शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।





