#प्रदेश

CG Weather Today: रायपुर समेत छत्तीसगढ़ में आज बारिश पड़ेगी धीमी, कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट; जुलाई में टूटा रिकॉर्ड

Advertisement Carousel

 

रायपुर। पश्चिम बंगाल के ऊपर बने गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) के प्रभाव से बीते 24 घंटों में राजधानी रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। लगातार हुई वर्षा से कई नदी-नाले उफान पर आ गए और जनजीवन प्रभावित रहा। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार आज से प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है। इसके बावजूद कुछ जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

बीते 24 घंटे में जमकर बरसे बादल

पिछले 24 घंटों के दौरान बचेली में 20 सेंटीमीटर और रायपुर में 15 सेंटीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। बस्तर, रायपुर, मध्य छत्तीसगढ़, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर रहे और कई जगह जनजीवन प्रभावित हुआ।

रायपुर में जुलाई का नया बारिश रिकॉर्ड

राजधानी रायपुर में इस जुलाई महीने ने बारिश का नया रिकॉर्ड बना दिया है। जिले में अब तक 59 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य से 27 प्रतिशत अधिक है। वहीं पूरे छत्तीसगढ़ में अब तक 59 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से 12 प्रतिशत कम बताई गई है।

अब कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?

मौसम विभाग के अनुसार मध्य छत्तीसगढ़ और उससे सटे आंतरिक ओडिशा के ऊपर बना गहरा अवदाब अब पूर्वी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इसके आगे बढ़ने के साथ ही प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है।

इन इलाकों में आज भी भारी बारिश के आसार

आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि दुर्ग संभाग और बिलासपुर संभाग के पश्चिमी जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

रायपुर का आज का मौसम

राजधानी रायपुर में आज दिनभर आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

अधिकतम तापमान: 29°C
न्यूनतम तापमान: 25°C