यमुनोत्री हाईवे पर भूस्खलन से यातायात ठप, स्यानाचट्टी में यमुना का जलस्तर बढ़ा

० लगातार बारिश से कई स्थानों पर मलबा और बोल्डर गिरे, सड़क खोलने का काम जारी; नदी का पानी होटलों की पहली मंजिल तक पहुंचा
उत्तरकाशी। यमुनोत्री घाटी में लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। भारी बारिश के कारण यमुनोत्री हाईवे पर कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे शुक्रवार तड़के से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
भूस्खलन के बाद सड़क पर भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर जमा हो गए हैं। हाईवे को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए सड़क चौड़ीकरण कार्य में लगी निर्माण एजेंसी की मशीनें मलबा हटाने में जुटी हुई हैं। प्रशासन भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
इधर, लगातार बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ गया है। आपदा प्रभावित स्यानाचट्टी क्षेत्र में नदी का पानी बढ़कर कुछ होटलों की पहली मंजिल तक पहुंच गया, जिससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
हालांकि राहत की बात यह है कि यमुना नदी फिलहाल अपने मूल प्रवाह मार्ग में ही बह रही है और उसने नई धारा नहीं बनाई है। इससे स्यानाचट्टी क्षेत्र में बड़े नुकसान की आशंका फिलहाल टल गई है।
प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे जाने से बचने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। वहीं, यमुनोत्री हाईवे को जल्द यातायात के लिए सुचारु करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।




