डोंगरगढ़ भाजपा में बगावत तेज : 111 के बाद 26 और नेताओं ने दिया इस्तीफा,परिवारवाद और गुटबाजी के लगाए आरोप

० पूर्व भाजयुमो अध्यक्ष, महिला मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी भी हुए अलग
डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ भाजपा में संगठनात्मक असंतोष लगातार गहराता जा रहा है। 111 कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे के बाद अब 26 और पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर संगठन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
इस्तीफा देने वालों में पूर्व भाजयुमो मंडल अध्यक्ष सुमित मिश्रा, पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष एम. तुलसी, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला मंत्री बलविंदर सिंह भाटिया समेत कई वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल हैं।
जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत को भेजे गए इस्तीफा पत्र में कार्यकर्ताओं ने शहर मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नोट पर परिवारवाद, गुटबाजी और समर्पित कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा करने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि संगठन में निर्णय कुछ चुनिंदा लोगों के प्रभाव में लिए जा रहे हैं, जिससे लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे कार्यकर्ता खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
इससे पहले 111 कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे की खबर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा था कि उन्हें कोई इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ है। वहीं इस्तीफा देने वाले नेताओं का दावा है कि यह छत्तीसगढ़ भाजपा के इतिहास का सबसे बड़ा सामूहिक इस्तीफा है और सवाल उठाया कि जब पूरे प्रदेश में इसकी चर्चा है तो जिला नेतृत्व को इसकी जानकारी कैसे नहीं है।
इधर, भाजपा के जमीनी कार्यकर्ता अनिल पांडेय और नगर पालिका के पार्षद अमित छाबड़ा भी पार्टी छोड़ चुके हैं। लगातार हो रहे इस्तीफों से डोंगरगढ़ भाजपा में बढ़ते आंतरिक संकट और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।






