#प्रदेश

कुलगाम आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के मजदूर की मौत, एक गंभीर घायल; CM साय ने जताया शोक

Advertisement Carousel

० जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों ने मजदूरों पर की गोलीबारी, सुरक्षा बलों ने घेरा क्षेत्र; राज्य सरकार ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया

रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शनिवार को आतंकियों ने मजदूरों को निशाना बनाकर गोलीबारी की। इस हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूर गोली लगने से घायल हुए, जिनमें एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, हमले में छत्तीसगढ़ निवासी दीपक रात्रे (24 वर्ष), पिता उमाशंकर रात्रे की मौत हो गई। वहीं भूपेंद्र (28 वर्ष), पिता दशरथ गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

सीएम साय ने जताया दुःख
घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के एक श्रमिक की मृत्यु और दूसरे के घायल होने की खबर बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने बताया कि घायल श्रमिक का समुचित इलाज कराया जा रहा है और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने दिवंगत श्रमिक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घायल मजदूर के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हमलावर आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।