SI भर्ती परीक्षा में धांधली का आरोप, कांग्रेस ने सरकार और पीएससी पर उठाए सवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सब-इंस्पेक्टर (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार और छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि परीक्षा परिणाम में सामने आए कुछ प्रतिभागियों के नाम भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करते हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि 12 जुलाई 2026 को जारी सब-इंस्पेक्टर एवं प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा (प्रारंभिक परीक्षा-2024) के परिणाम में ऐसे नाम शामिल हैं, जो संदेह पैदा करते हैं। उन्होंने दावा किया कि चयन सूची में “स्पेसरानी”, “न्यूज”, “तूफान” और “मैन बटन” जैसे नाम दर्ज हैं, जिससे परीक्षा प्रक्रिया की गंभीरता और आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते हैं।
कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान यूपीएससी की तर्ज पर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का वादा किया था, लेकिन वास्तविकता इसके विपरीत दिखाई दे रही है। पार्टी ने कहा कि प्रदेश में हाल के वर्षों में आयोजित कई भर्ती और पदोन्नति परीक्षाएं विवादों में रही हैं।
कांग्रेस ने एडीईओ भर्ती, वनरक्षक भर्ती, पुलिस आरक्षक भर्ती, आरआई प्रमोशन परीक्षा, समग्र शिक्षा भर्ती और पीडब्ल्यूडी सब इंजीनियर भर्ती परीक्षा का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि इन प्रक्रियाओं में भी अनियमितताओं के आरोप लगे, लेकिन निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई।
सुशील आनंद शुक्ला ने यह भी आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियां सत्ता के संरक्षण में हो रही हैं और इससे प्रदेश के युवाओं का सरकारी नौकरी की भर्ती प्रक्रिया पर भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।




