#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय, रायपुर में 12 सेमी बारिश; सरगुजा में भारी बारिश का अलर्ट

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां लगातार जारी हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर चल रहा है। पिछले 24 घंटों में रायपुर और मुंगेली जिले के कुछ इलाकों में जमकर बारिश हुई। राजधानी रायपुर शहर में 12 सेमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ यानी सरगुजा संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है।

सरगुजा संभाग में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश और उससे लगे उत्तर छत्तीसगढ़ के क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। खासकर सरगुजा संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

प्रदेश में मौसमी बारिश सामान्य से करीब 5 प्रतिशत कम रही है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में रिकॉर्ड हुआ।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में सोमवार को मौसम बदला हुआ रहने की संभावना है। शहर में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक रायपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

रायपुर में 12 सेमी बारिश, पथरिया में सबसे ज्यादा

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। आंकड़ों के मुताबिक:

पथरिया: 16 सेमी
रायपुर शहर: 12 सेमी
लोरमी: 11 सेमी
लाभांडी: 10 सेमी
लालपुर: 10 सेमी
भाटापारा: 9 सेमी
मुंगेली: 9 सेमी
सिमगा: 9 सेमी
तखतपुर: 8 सेमी
बागबाहरा: 8 सेमी
डोंगरगढ़, उसूर, सुहेला, छुरिया, सकरी, लोहांडीगुड़ा: 7 सेमी तक
कुरूद, कप्पू, कसडोल, वाड्रफनगर, भिलाई, बेलतरा और घरघोड़ा: 6 सेमी तक

लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस से राहत मिली है। हालांकि, भारी बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।