रायपुर में गूंजा देशभक्ति का जयघोष, CM साय की अगुवाई में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

रायपुर। राजधानी रायपुर सोमवार को देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। ‘मोर तिरंगा, मोर अभिमान-हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत भारतीय जनता पार्टी ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अगुवाई में निकली इस यात्रा में प्रदेश के कई मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, NCC कैडेट्स, स्काउट एंड गाइड्स, स्कूली छात्र-छात्राओं समेत बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।
इंडोर स्टेडियम से शुरू हुई तिरंगा यात्रा
तिरंगा यात्रा का आगाज रायपुर के इंडोर स्टेडियम से हुआ। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए। युवाओं और स्कूली बच्चों में खासा उत्साह नजर आया।
यात्रा इंडोर स्टेडियम से निकलकर गणेश मंदिर तिराहा, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस, नगर निगम भवन, महिला थाना चौक और फायर ब्रिगेड चौक होते हुए सुभाष स्टेडियम पहुंची।
CM साय समेत कई मंत्री और विधायक हुए शामिल
यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री राजेश अग्रवाल, ओपी चौधरी, गुरु खुशवंत साहेब, लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक राजेश मूणत, विधायक सुनील सोनी समेत बीजेपी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
इसके अलावा NCC कैडेट्स, स्काउट एंड गाइड्स और स्कूली विद्यार्थियों ने भी तिरंगा हाथ में लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।

‘तिरंगा देशवासियों को एक सूत्र में बांधता है’
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि तिरंगा देशवासियों को एक सूत्र में बांधकर रखता है। उन्होंने कहा कि देश को आजादी आसानी से नहीं मिली, बल्कि महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस समेत अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने इसके लिए त्याग और बलिदान दिया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुरू किए गए तिरंगा अभियान का उल्लेख करते हुए लोगों से अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की।
नक्सल प्रभावित रहे इलाकों में भी निकलेगी तिरंगा यात्रा
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के वीर जवानों और शहीदों को नमन करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों के अदम्य साहस से प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में बड़ी सफलता मिली है। अब उन क्षेत्रों में भी तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जहां कभी नक्सलवाद का प्रभाव हुआ करता था।
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा महज एक आयोजन नहीं, बल्कि देश के वीर शहीदों के बलिदान को याद करने और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम है।





