Big News : सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड़ के गुरुद्वारे में हमला, हाथ में लगी चोट; एक संदिग्ध हिरासत में

नांदेड़। शिरोमणि अकाली दल के नेता और पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड़ में हमले की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, नांदेड़ के गुरुद्वारा माता साहिब कौर के पास एक निहंग ने उन पर हमला किया। घटना में बादल के हाथ में चोट लगी है। उन्हें उपचार के लिए यशोमती अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कृपाण से हमला करने की बात
पुलिस के मुताबिक, सुखबीर बादल पर गुरुद्वारे के पास हमला हुआ। शुरुआती जानकारी में कृपाण से हमला किए जाने की बात सामने आई है। हमले के दौरान उनके सुरक्षाकर्मी संतोष केंद्रे के भी घायल होने की जानकारी है।
सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में सुखबीर बादल एक इमारत के अंदर जाते दिखाई दे रहे हैं। उनके दाहिने हाथ पर कपड़ा बंधा हुआ नजर आ रहा है।
पत्नी के साथ तख्त श्री हजूर साहिब पहुंचे थे
हमले से पहले सुखबीर सिंह बादल अपनी पत्नी और अकाली दल सांसद हरसिमरत कौर बादल के साथ नांदेड़ स्थित तख्त श्री हजूर साहिब पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि हमला सुबह करीब 11 बजे हुआ।
एक संदिग्ध हिरासत में
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमले के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
दिसंबर 2024 में भी हुआ था जानलेवा हमला
सुखबीर सिंह बादल पर इससे पहले भी हमला हो चुका है। दिसंबर 2024 में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के बाहर उन पर गोली चलाने की कोशिश की गई थी। उस समय बादल धार्मिक सजा के तहत सेवादार के रूप में सेवा कर रहे थे। हमलावर नारायण सिंह चौड़ा ने गोली चलाई थी, लेकिन बादल बाल-बाल बच गए थे। मौके पर मौजूद लोगों ने हमलावर को पकड़ लिया था।




