Gen-Z पर BJP की नजर : ओपी चौधरी समेत 4 दिग्गज संभालेंगे युवा वोटर्स को साधने की कमान

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने देश के युवा वोटर्स, खासकर Gen-Z को अपने साथ जोड़ने के लिए नई रणनीति तैयार की है। इसके लिए पार्टी ने एक खास टीम बनाई है, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी, गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी को शामिल किया गया है।
65 सदस्यीय नई टीम की पहली बैठक
दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की अध्यक्षता में पार्टी की नई 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक हुई। बैठक में नई टीम के सभी सदस्यों के साथ 12 महिला सदस्य भी शामिल हुईं।बैठक में पार्टी के आगामी अभियानों और युवाओं के बीच संगठन की पहुंच मजबूत करने को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई।
14 से 25 साल के युवाओं पर फोकस
भाजपा अब 14 से 25 वर्ष की उम्र के युवाओं को जोड़ने के लिए खास अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान को ‘युवा संवाद’ नाम दिया गया है।
पार्टी की नई Gen-Z आउटरीच टीम युवाओं के बीच जाकर संवाद स्थापित करेगी और उन्हें पार्टी की विचारधारा, नीतियों और कार्यक्रमों से जोड़ने की कोशिश करेगी।
अगले महीने से शुरू होगा अभियान
भाजपा का यह युवा आउटरीच प्रोग्राम अगले महीने से शुरू होने की जानकारी सामने आई है। पार्टी का फोकस सोशल मीडिया के साथ-साथ युवाओं के बीच सीधे संवाद और उनकी प्राथमिकताओं को समझने पर भी रहेगा।
नई टीम में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी को जगह मिलने से प्रदेश भाजपा में भी इसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के तौर पर देखा जा रहा है।





