77 घंटे बाद मिला आदिल का शव, दोस्तों से लगी तैराकी की शर्त ने ली जान,परिवार का इंतजार ख़त्म

रायपुर। नया रायपुर के नकटी गांव स्थित ब्लू वॉटर में डूबे 24 वर्षीय आदिल खान का शव करीब 77 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। शनिवार देर रात शव पानी की सतह पर दिखाई दिया, जिसके बाद सर्चिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे बाहर निकाला। कई दिनों से बेटे के शव का इंतजार कर रहे परिजनों को इसके बाद शव सौंप दिया गया।
तीन दिन तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
बुधवार को आदिल के पानी में डूबने के बाद उसकी तलाश के लिए SDRF और NDRF की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही थीं। बताया जा रहा है कि युवक काफी गहराई में चला गया था, जिसके कारण सर्च ऑपरेशन में लगातार मुश्किलें आ रही थीं।
जिला प्रशासन और बचाव दल की टीमों ने कई घंटे तक तलाश की, लेकिन शुरुआती प्रयासों में सफलता नहीं मिली। करीब तीन दिनों तक लगातार सर्चिंग के बाद शनिवार देर रात आदिल का शव पानी के ऊपर दिखाई दिया।रेस्क्यू टीम ने शव को बाहर निकाला। पुलिस की आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
दोस्तों से तैरने की शर्त पड़ी भारी
जानकारी के मुताबिक, मौदहापारा निवासी आदिल खान, पिता नासिर खान, बुधवार शाम अपने तीन दोस्तों के साथ नकटी गांव स्थित ब्लू वॉटर घूमने पहुंचा था।
इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी में एक तरफ से दूसरी तरफ तैरकर जाने को लेकर शर्त लग गई। बताया जा रहा है कि आदिल और उसका एक दोस्त पानी में उतर गए।
तैरते समय आदिल अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण उसका पता नहीं चल सका।
परिवार तीन दिन से कर रहा था इंतजार
हादसे की खबर मिलने के बाद से ही आदिल के परिजन लगातार मौके पर उसके शव के मिलने का इंतजार कर रहे थे। SDRF और NDRF की टीमें भी लगातार तलाश में जुटी थीं।
करीब 77 घंटे बाद शव मिलने से परिवार का इंतजार तो खत्म हुआ, लेकिन घर में मातम पसर गया। इस घटना ने एक बार फिर ब्लू वॉटर जैसे गहरे जलाशयों में बिना सुरक्षा इंतजाम के उतरने के खतरे को सामने ला दिया है।





