#प्रदेश

CGPSC घोटाला: जेल में बंद पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी की बिगड़ी तबीयत, पेसमेकर लगाया गया

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) घोटाला मामले में जेल में बंद पूर्व चेयरमैन और रिटायर्ड IAS अधिकारी टामन सिंह सोनवानी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें रायपुर के एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट, अंबेडकर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

ब्रेडीकार्डिया की स्थिति बनने पर कराया गया भर्ती

जानकारी के मुताबिक, 18 अगस्त को टामन सिंह सोनवानी की तबीयत अचानक खराब हुई थी। उन्हें ब्रेडीकार्डिया की समस्या हुई, जिसमें हृदय की धड़कन सामान्य से काफी धीमी हो जाती है। इसके बाद उन्हें तत्काल एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया।

24 घंटे डॉक्टरों की निगरानी में रहे

अस्पताल में डॉक्टरों ने करीब 24 घंटे तक उनकी लगातार निगरानी की। हार्ट अटैक की आशंका को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पेसमेकर लगाया। इसके बाद उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

पेपर लीक और मनी लॉन्ड्रिंग केस में जेल में हैं सोनवानी

टामन सिंह सोनवानी छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और धनशोधन से जुड़े मामलों में जांच एजेंसियों की कार्रवाई का सामना कर रहे हैं। मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच भी चल रही है।

CBI ने भी की थी गिरफ्तारी

इससे पहले CBI ने भी टामन सिंह सोनवानी को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी ने CGPSC भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और प्रभावशाली लोगों के रिश्तेदारों को डिप्टी कलेक्टर, DSP समेत अन्य पदों पर चयन दिलाने के लिए कथित अवैध लेन-देन के आरोप लगाए थे।