Delhi News: BRICS समिट के चलते 11 सितंबर को सरकारी दफ्तर बंद, दिल्ली में हाई अलर्ट; 12-13 सितंबर को भी रहेगी छुट्टी

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में होने वाले 18वें BRICS लीडर्स समिट को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही को देखते हुए 11 सितंबर को नई दिल्ली स्थित केंद्र सरकार के सभी कार्यालय बंद रहेंगे। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। वहीं दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी यातायात को लेकर एडवाइजरी जारी कर दी है।
11 से 13 सितंबर तक चलेगा बड़ा अंतरराष्ट्रीय आयोजन
18वां BRICS लीडर्स समिट 11 से 13 सितंबर तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान BRICS बिजनेस फोरम समेत कई अहम बैठकें होंगी।
समिट में BRICS सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष और उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल शामिल होंगे। संगठन में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं।इसके अलावा BRICS के सहयोगी देशों के प्रतिनिधि भी नई दिल्ली पहुंचेंगे।
तीन दिन लगातार बंद रहेंगे सरकारी कार्यालय
BRICS समिट के चलते 11 सितंबर को सरकारी कार्यालयों में अवकाश रहेगा। इसके बाद 12 और 13 सितंबर को शनिवार और रविवार होने के कारण केंद्रीय सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे।यानी नई दिल्ली स्थित केंद्र सरकार के कार्यालयों में लगातार तीन दिनों तक कामकाज प्रभावित रहेगा।
अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा और लॉजिस्टिक व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधियों की आवाजाही के दौरान कई प्रमुख मार्गों और आयोजन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाएगी।
दिल्ली पुलिस की सलाह पर सरकारी कार्यालयों में अवकाश का फैसला भीड़ और यातायात प्रबंधन को सुचारू रखने के उद्देश्य से लिया गया है।
इन बड़े होटलों में ठहरेंगे डेलीगेट्स
BRICS समिट में आने वाले राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधियों के ठहरने के लिए दिल्ली के प्रमुख होटलों में व्यवस्था की गई है।
इनमें ताज होटल, मौर्य शेरेटन, ली मेरिडियन, अशोक होटल, सम्राट होटल, क्लेरिजेस, लीला होटल, शांगरी-ला, जनपथ होटल और ताज मान सिंह होटल समेत कई प्रमुख होटल शामिल हैं।इन होटलों और इनके आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत किया जा रहा है।
भारत की अध्यक्षता का फोकस ‘मानवता सर्वोपरि’
भारत की BRICS अध्यक्षता का मुख्य विषय ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’ रखा गया है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मानव-केंद्रित दृष्टिकोण और ‘मानवता सर्वोपरि’ की भावना को दर्शाता है।
समिट में सदस्य देश आपसी सहयोग को मजबूत करने के साथ साझा प्राथमिकताओं, वैश्विक और क्षेत्रीय महत्व के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे।




