CG Politics: भूपेश बघेल के प्रभार बदलने पर CM साय का तंज, बोले- पंजाब में लगे थे ‘गो बैक’ के पोस्टर, अब असम जाना पड़ा

रायपुर। कांग्रेस महासचिव और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पंजाब की जगह असम का प्रभारी बनाए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीखा राजनीतिक पलटवार किया है। सीएम साय ने कहा कि भूपेश बघेल जब पंजाब के प्रभारी थे, तब वहां उनके विरोध में ‘गो बैक’ के पोस्टर लगाए गए थे। अब उन्हें पंजाब से हटाकर असम की जिम्मेदारी दी गई है, जिसे वे अच्छी तरह समझ सकते हैं।
‘वहां विरोध झेलना पड़ा, अब असम जाना पड़ा’
मीडिया के सवाल पर मुख्यमंत्री साय ने कहा, “भूपेश बघेल पहले पंजाब के प्रभारी थे, तो वहां ‘गो बैक’ के पोस्टर चिपकाए गए और उन्हें विरोध झेलना पड़ा। आज पंजाब से उन्हें असम जाना पड़ा है, तो उसे अच्छी तरह से वे समझ लें।”सीएम के इस बयान को कांग्रेस के संगठनात्मक फैसले पर सीधे राजनीतिक हमले के तौर पर देखा जा रहा है।
अब तक सधी रही है सीएम साय की राजनीतिक भाषा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आमतौर पर राजनीतिक मुद्दों पर संतुलित और सधी हुई टिप्पणी के लिए जाने जाते हैं। भाजपा सरकार या संगठन पर विपक्ष की ओर से होने वाले हमलों का वे खुलकर जवाब देते रहे हैं, लेकिन व्यक्तिगत स्तर पर तीखी टिप्पणी करने से अक्सर बचते रहे हैं।ऐसे में भूपेश बघेल के प्रभार परिवर्तन पर सीएम साय का यह बयान राजनीतिक रूप से खासा चर्चा में है।
क्या बदल रही है CM साय की रणनीति?
राजनीतिक जानकारों की नजर में करीब तीन साल की सरकार के बाद मुख्यमंत्री साय की राजनीतिक शैली में बदलाव के संकेत दिख रहे हैं। माना जा रहा है कि अब विपक्ष की ओर से होने वाले राजनीतिक हमलों पर मुख्यमंत्री का पलटवार पहले की तुलना में ज्यादा मुखर और तीखा हो सकता है।
भूपेश बघेल को पंजाब से हटाकर असम की जिम्मेदारी दिए जाने के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत में भी इस फैसले को लेकर बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।




