#crime #प्रदेश

जयपुर में खौफनाक हत्याकांड : पत्नी और 3 बेटियों की बेरहमी से हत्या, वारदात के बाद आरोपी फरार

Advertisement Carousel

 

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या से सनसनी फैल गई है। करधनी थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और तीन बेटियों की हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान राहुल झा के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने घर में निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली ईंट और पत्थर के टुकड़ों से पत्नी और तीनों बेटियों के सिर पर हमला किया। हमले में चारों की मौत हो गई।

17 से 23 साल के बीच थी बेटियों की उम्र

मृतकों में आरोपी की पत्नी के अलावा उसकी तीन बेटियां शामिल हैं। तीनों बेटियों की उम्र करीब 17 से 23 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घर के अंदर चार शव मिलने की सूचना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

वारदात के बाद फरार हुआ आरोपी

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है।

पारिवारिक विवाद की आशंका, आरोपी की तलाश तेज

पुलिस की शुरुआती जांच में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

पश्चिम जिले के DCP प्रशांत किरण के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।