#मनोरंजन

दिशा सालियन केस में फिर गरमाई सियासत, आदित्य ठाकरे और अनिल देशमुख को 500 करोड़ का लीगल नोटिस

Advertisement Carousel

 

मुंबई। दिशा सालियन की मौत का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। दिशा के पिता सतीश सालियन ने शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे और NCP (SP) नेता अनिल देशमुख के खिलाफ 500 करोड़ रुपये के हर्जाने का कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में दोनों नेताओं के कथित बयानों पर आपत्ति जताते हुए सार्वजनिक माफी और हर्जाने की मांग की गई है।

न्याय की लड़ाई को राजनीतिक बताने का आरोप

सतीश सालियन की ओर से भेजे गए नोटिस में आरोप लगाया गया है कि दोनों नेताओं ने उनकी बेटी की मौत की जांच के लिए चल रही उनकी कानूनी लड़ाई को राजनीतिक मकसद से प्रेरित बताने की कोशिश की।

नोटिस में कहा गया है कि इस तरह के बयानों से सतीश सालियन की ईमानदारी, विश्वसनीयता और प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है। उनके मुताबिक, एक पिता के न्याय की मांग को राजनीतिक उद्देश्य से जोड़कर पेश करना आपत्तिजनक है।

CBI की ‘क्लीन चिट’ के दावे पर भी सवाल

नोटिस में आदित्य ठाकरे के कथित उस बयान का भी जिक्र किया गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि सीबीआई दिशा सालियन मामले की जांच कर चुकी है और उन्हें क्लीन चिट दी जा चुकी है।

वहीं, नोटिस के मुताबिक अनिल देशमुख ने भी इस दावे का समर्थन करते हुए 23 मार्च 2025 को कहा था कि दिशा सालियन मामले का इस्तेमाल आदित्य ठाकरे को बदनाम करने के लिए किया जा रहा है। सतीश सालियन ने इन बयानों को मानहानिकारक बताते हुए आपत्ति दर्ज कराई है।

500 करोड़ हर्जाना, सार्वजनिक माफी की मांग

कानूनी नोटिस में दोनों नेताओं से 500 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की गई है। इसके साथ ही बिना शर्त लिखित और सार्वजनिक माफी मांगने को कहा गया है।

माफी को प्रमुख प्रिंट, टीवी और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित एवं प्रसारित करने की मांग की गई है। साथ ही दोनों नेताओं के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर कम से कम तीन मिनट का माफी वीडियो पोस्ट करने की शर्त भी रखी गई है।

2020 में हुई थी दिशा सालियन की मौत

8 जून 2020 को 28 वर्षीय दिशा सालियन की मुंबई के मलाड इलाके में एक ऊंची रिहायशी इमारत से गिरने के बाद मौत हो गई थी। दिशा, अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर थीं। उनकी मौत के बाद यह मामला लगातार सार्वजनिक और राजनीतिक चर्चा का विषय बना रहा।

आदित्य ठाकरे ने कहा- दिशा को जानता तक नहीं

नोटिस के बीच आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दिशा सालियन से किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि वह दिशा से कभी नहीं मिले और न ही उन्हें जानते थे।

ठाकरे ने आरोप लगाया कि करीब छह वर्षों से राजनीतिक और निजी मकसदों के तहत उनका नाम इस मामले से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने आधिकारिक जांच को राजनीतिक हस्तक्षेप और आरोपों से अलग होकर आगे बढ़ने देने की बात कही।

CBI ने दर्ज की FIR

दिशा सालियन की मौत के मामले में सीबीआई ने हत्या और आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराओं में FIR दर्ज की है। इसके बाद मामले की जांच नए सिरे से आगे बढ़ रही है। जांच में पुराने रिकॉर्ड और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।