Durg News: खारून नदी का एनीकट पार करते समय बाइक समेत बहा युवक, डूबने से मौत; SDRF ने निकाला शव

दुर्ग। खारून नदी में एनीकट पार करना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। तेज बहाव के बीच बाइक से नदी पार करने के दौरान युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में गिरकर डूब गया। हादसे के बाद SDRF की टीम ने घंटों तलाश कर युवक का शव बरामद किया।
धमतरी से आया था युवक
घटना रानितराई थाना क्षेत्र के पाटन अंतर्गत ओदरागहन की बताई जा रही है। मृतक की पहचान धमतरी जिले के तर्रागोंदी गांव निवासी सुरेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, सुरेंद्र 17 सितंबर की रात करीब 7 बजे बाइक से खारून नदी का एनीकट पार कर रहा था। इसी दौरान नदी में पानी का बहाव तेज था। बहाव के बीच बाइक का संतुलन बिगड़ने से सुरेंद्र नदी में गिर गया और देखते ही देखते पानी में डूब गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम
हादसे की जानकारी मिलते ही रानितराई थाना पुलिस और SDRF दुर्ग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद डीप डाइवर्स की मदद से नदी में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया।काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने युवक का शव नदी से बाहर निकाला। शव को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे को लेकर पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।





